छत्तीसगढ़

रेलवे स्टेशनों पर कल यात्रियों से सीधा संवाद, शिकायतों और सुझावों पर होगी चर्चा

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 21 अक्टूबर। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर विशेष अभियान 6.0 के तहत 22 अक्टूबर को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के सभी स्टेशनों पर एक दिवसीय अखिल भारतीय रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें रेलवे अधिकारी और कर्मचारी यात्रियों तथा आम लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे।

कार्यक्रम में स्टेशन की सुविधाओं, साफ-सफाई और रेल सेवाओं से जुड़ी शिकायतों पर चर्चा होगी। यात्रियों, युवाओं और आम नागरिकों से मिले सुझावों और शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने इनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।

जनसंवाद के बाद संबंधित स्टेशनों और परिसर में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा और यात्रियों के अनुकूल बनाए रखना तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखने की अपील की है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button