छत्तीसगढ़

सिम्स में डॉक्टर और वार्ड बॉय से मारपीट, दो घटनाओं से अस्पताल में हंगामा

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 22 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान, सिम्स में मरीजों के परिजनों द्वारा अस्पताल कर्मचारियों से मारपीट की दो घटनाएं सामने आई हैं। मंगलवार देर रात ट्रायज क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस दौरान ड्रेसिंग वार्ड के दरवाजे का कांच भी तोड़ दिया गया। वहीं बुधवार सुबह एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों ने वार्ड बॉय की पिटाई कर दी और उसकी शर्ट फाड़ दी। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

पहली घटना मंगलवार देर रात की है। सिम्स में सीएमओ के पद पर कार्यरत डॉ. राहुल साव ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मस्तूरी क्षेत्र के अन्होनी गांव निवासी 22 वर्षीय राजा विश्वकर्मा को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। उसके साथ मस्तूरी निवासी बिशुप्रताप (26) और रंजीत जांगड़े भी पहुंचे थे। दोनों दिवंगत रोहित जांगड़े के पुत्र बताए गए हैं।

डॉ. राहुल साव की शिकायत के मुताबिक, अस्पताल परिसर में पहुंचने के बाद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। डॉक्टर ने आपत्ति जताई तो उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। हंगामे के दौरान ड्रेसिंग वार्ड के दरवाजे का कांच भी तोड़ दिया गया, जिससे अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

डॉ. राहुल साव ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सिम्स अस्पताल के अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात ट्रायज क्षेत्र में हंगामा और तोड़फोड़ हुई थी। इस मामले में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

दूसरी घटना बुधवार सुबह की है। करबला निवासी किशन लाल को इलाज के लिए सिम्स लाया गया था। उन्हें ट्रॉली से एमएम-3 वार्ड की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान डॉक्टर ने उनकी जांच की, लेकिन मरीज की मौत हो गई।

आरोप है कि डॉक्टर के निर्देश पर ड्यूटी में तैनात वार्ड बॉय मुंदर लाल ने मरीज का ऑक्सीजन मास्क हटाया। इससे नाराज परिजनों ने उस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। परिजनों ने वार्ड बॉय को मुक्कों और चप्पलों से पीटा तथा उसकी शर्ट फाड़ दी।

सहकर्मी के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर अस्पताल के अन्य कर्मचारी नाराज हो गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को घटना की जानकारी देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अस्पताल परिसर में दोनों घटनाओं के बाद तनाव और हंगामे की स्थिति बनी।

सिम्स चौकी पुलिस ने डॉक्टर से मारपीट और तोड़फोड़ के मामले के साथ ही वार्ड बॉय पर हमले के मामले में भी एफआईआर दर्ज की है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button