छत्तीसगढ़

डीजे पर नाचने के विवाद में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कोरबा, 22 अक्टूबर। मुड़ापार में दशहरा उत्सव के दौरान दो गुटों के बीच हुआ विवाद एक युवक की हत्या में बदल गया। रावण दहन से पहले डीजे पर नाचने के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद एक गुट के युवकों ने 19 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण राहुल की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने रातभर दबिश देकर एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया, बाकी सभी को जेल भेज दिया गया है।

घटना मंगलवार रात मुड़ापार बाजार क्षेत्र के दशहरा मैदान में हुई। यह इलाका मानिकपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। रावण दहन के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। मैदान के पास डीजे बज रहा था और कई युवक नाच रहे थे। इसी दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ा और एक गुट के युवकों ने राहुल पर चाकू से हमला कर दिया।

राहुल कुमार उर्फ गोल्डन रेलवे कॉलोनी का निवासी था। वह शेषनाथ पासी का बेटा था और कोतवाली थाना क्षेत्र में रहता था। हमले में उसकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम ने मुड़ापार क्षेत्र में डेरा डालकर कार्रवाई की। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मुड़ापार निवासी 19 वर्षीय विजय चौहान, मंटोष चौहान का बेटा अश्मित उर्फ बिट्ट, विजय चौहान का 18 वर्षीय बेटा दिवाकर चौहान उर्फ सिप्पू चौहान और एक नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस ने तीन आरोपियों के सिर मुंडवाने के बाद उन्हें इलाके में घुमाया। दूसरी ओर, जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद राहुल का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button