देश
यूपी में त्योहारी सीजन से पहले बड़ा फैसला: 15 अक्तूबर से खुली मिठाइयों पर ‘एक्सपायरी डेट’ लिखना अनिवार्य

सहारनपुर: पितृ पक्ष समाप्त होते ही त्योहारी सीजन की शुरुआत होने जा रही है। नवरात्र के बाद करवाचौथ, अहोई अष्टमी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज जैसे प्रमुख पर्वों पर मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए और मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने नियमों को और अधिक सख्त कर दिया है।
नए आदेश के तहत 15 अक्तूबर से सभी मिठाई की दुकानों पर खुली मिठाइयों पर भी निर्माण तिथि (Manufacturing Date) और उपयोग की अंतिम तिथि (Use By Date) अनिवार्य रूप से अंकित करनी होगी।
क्या है नया नियम और क्यों पड़ी इसकी जरूरत?
वर्तमान में शहर की अधिकांश छोटी-बड़ी दुकानों पर मिठाइयां खुले में ट्रे में रखकर बेची जाती हैं। ग्राहक की मांग पर इन्हें तुरंत तौलकर डिब्बे में पैक कर दिया जाता है, जिस कारण पैकेट या डिब्बे पर मिठाई के बनने और खराब होने की कोई निश्चित तारीख दर्ज नहीं होती। इससे ग्राहकों को यह पता नहीं चल पाता कि मिठाई कितनी ताजी है और उसे कितने दिनों तक सुरक्षित रूप से खाया जा सकता है।
त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने पर बड़ी मात्रा में मिठाइयों का उत्पादन होता है और बासी मिठाइयां बेचे जाने की आशंका भी बढ़ जाती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद, दुकानदारों को डिस्प्ले काउंटर पर रखी खुली मिठाइयों के सामने भी स्पष्ट रूप से यह जानकारी प्रदर्शित करनी होगी कि मिठाई कब बनी है और उसे कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी का स्पष्ट निर्देश
सहारनपुर के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान मिठाई की दुकानों पर विशेष निगरानी बढ़ाई जाती है। उन्होंने कहा, “नई व्यवस्था लागू होने के बाद सभी दुकानदारों के लिए तारीख संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। इसका मुख्य उद्देश्य मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर पारदर्शिता बढ़ाना और ग्राहकों को जागरूक करना है।”
नवरात्र से शुरू होकर दीपावली और भाईदूज तक मिठाइयों की बिक्री सबसे अधिक बढ़ने की उम्मीद रहती है। ऐसे में मिठाई कारोबारियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और उन्हें इस नई व्यवस्था के अनुरूप ही काम करना होगा।
ग्राहकों से भी सतर्क रहने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने ग्राहकों से भी अपील की है कि वे मिठाई खरीदते समय अपनी जिम्मेदारी निभाएं। मिठाई लेते समय डिस्प्ले पर लगी निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि की जानकारी अवश्य देखें। यदि किसी दुकान पर यह जानकारी प्रदर्शित नहीं की गई है, तो वहां से मिठाई खरीदने में सावधानी बरतें। इस पहल से न केवल मिलावट पर रोक लगेगी, बल्कि लोगों की सेहत भी सुरक्षित रहेगी।



