छत्तीसगढ़

मप्र के धार में कार के पुलिया में गिरने के बाद लगी आग, चार लोगों की जलकर मौत

धार (मध्यप्रदेश), 26 अक्टूबर। मध्यप्रदेश के धार जिले में रविवार देर रात एक कार के पुलिया में गिरने के बाद आग लगने से चार लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दुर्घटना रविवार रात 11 बजकर 14 मिनट पर हुई।

पुलिस ने बताया कि कार का एक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर लेबड़-नयागांव फोरलेन सड़क से नीचे उतर गया और पुलिया में गिरने के बाद उसमें आग लग गई। घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर है।

जांच अधिकारी कैलाश गमड़ ने फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया कि पांच दोस्त सगौर गांव से एक मंदिर में दर्शन करने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति उछलकर बाहर गिर गया, जबकि चार अन्य अंदर ही फंसे रह गए। आग फैलने के कारण उनकी जलकर मौत हो गई।

गमड़ ने बताया कि मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी भीम धाकड़ (24), आदित्य तिवारी (22), चेतन धाकड़ (21) और अभिषेक सोलंकी (19) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि घायल युवक तुषार मांडलोई (20) को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है। उसकी हालत गंभीर है।

सूचना मिलने पर पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और दमकल वाहन को बुलाया। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेज दिया है।(भाषा)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button