राहुल गांधी के काफ़िले की गाड़ियां पूर्वांचल एक्सप्रेस पर दुर्घटनाग्रस्त

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफ़िले की कुछ गाड़ियां उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गईं.
बीबीसी संवाददाता प्रेरणा के अनुसार, पवन खेड़ा ने बताया कि सभी सुरक्षित हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हादसा मामूली था और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है.
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक़, यह घटना हलियापुर थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब राहुल गांधी लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे थे. इस हादसे में एक कार का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया. राहुल गांधी सुरक्षित हैं और सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए.
राहुल गांधी सोमवार को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेश होने वाले हैं. अदालत 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले में फैसला सुनाने वाली है.
इससे पहले राहुल गांधी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे. वहां से वे सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे.
एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में इकट्ठा हुए थे.(bbc.com/hindi)


