छत्तीसगढ़

स्मृति ने कार्यकर्ताओं को दिया बूथ मजबूत करने का मंत्र

विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और कोर ग्रुप के साथ की बैठकें, जनसंपर्क और सादगी पर जोर

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 26 अक्टूबर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने कहा कि पार्टी के कर्मयोगी कार्यकर्ता ही संगठन की सच्ची पूंजी हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और निःस्वार्थ सेवा से ही संगठन मजबूत होता है। पद और दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता संगठन की स्थायी शक्ति होते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन यह जमीनी संपर्क का विकल्प नहीं हो सकता। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और पारा-टोला तक पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना होगा।

सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित बैठकों के दूसरे दिन स्मृति ईरानी ने कहा कि यह आत्ममंथन करने, प्राथमिकताओं को फिर से तय करने और उन संकल्पों को दोहराने का अवसर है, जिन्होंने भारतीय जनसंघ से लेकर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक भाजपा को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की रीति-नीति एकात्म मानववाद और अंत्योदय की भावना पर आधारित है। अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान ही संगठन की सफलता का पैमाना है। सार्वजनिक जीवन में सादगी और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि लोग किसी व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके साथ भाजपा की विचारधारा को भी देखते हैं।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है, जो बड़ी जिम्मेदारी भी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए संगठन का विस्तार प्रत्येक बूथ तक करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम लोगों की बात सुनने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी के पराक्रम और परिश्रम से प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प पूरा करना है।

स्मृति ईरानी ने दूसरे दिन मौजूदा विधायकों, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों, प्रदेश मंत्रिमंडल और भाजपा कोर ग्रुप के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। विधायकों के साथ बैठक में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, जनता से सीधे संवाद और संगठन की मजबूती पर चर्चा हुई। सांसदों के साथ बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने और संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ बैठक में सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया। कोर ग्रुप की बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और भावी राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श कर रूपरेखा तय की गई।

बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक एवं कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button