छत्तीसगढ़

राज्योत्सव पर 2 नवंबर को सेंध लेक में होगा सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो

कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 26 अक्टूबर। राज्योत्सव पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना का सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो होगा। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रविवार को अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने दर्शकों की सुरक्षा, यातायात और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मुख्य मंच, वीआईपी और आम दर्शकों के बैठने की व्यवस्था सुव्यवस्थित करने को कहा। उन्होंने वाहनों की आवाजाही के लिए प्रभावी यातायात योजना बनाने, पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित करने तथा प्रवेश और निकास मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साउंड सिस्टम, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि एयर शो देखने आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिस्वरंजन, भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button