छत्तीसगढ़

CG में बड़ा हादसा: मकान का छज्जा तोड़ते समय ऊंचाई से गिरे दो मजदूर, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

बिलासपुर, 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सरकंडा थाना क्षेत्र के कपिल नगर में पुराने मकान का छज्जा तोड़ते समय दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान मजदूर नरेंद्र साहू की मौत हो गई, जबकि दूसरे मजदूर पंकज यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, कपिल नगर स्थित एक पुराने मकान में छज्जा तोड़ने का काम चल रहा था। इस कार्य में नरेंद्र साहू और पंकज यादव लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक दोनों मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान नरेंद्र साहू ने दम तोड़ दिया। वहीं, पंकज यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स में इलाज किया जा रहा है।

मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

हादसे के बाद मृतक और घायल मजदूर के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि छज्जा तोड़ने के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका आरोप है कि सुरक्षा उपायों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सुरक्षा इंतजामों की जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद सरकंडा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि पुराने मकान का छज्जा तोड़ने के दौरान मजदूरों के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी या नहीं। साथ ही हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button