जेल से बाहर आते ही आज़म खान को ईडी ने गिरफ़्तार किया

समाजवादी पार्टी के नेता आज़म ख़ान शनिवार को रामपुर जेल से रिहा हुए, लेकिन रिहाई के तुरंत बाद, जेल से बाहर निकलते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम ने उन्हें दूसरे मामले में गिरफ़्तार कर लिया.
वहीं, आज़म ख़ान के बेटे अब्दुल्लाह आज़म रिहा हो गए हैं. बीबीसी के सहयोगी पत्रकार मुजस्सिम ख़ान ने ये जानकारी दी.
इस दौरान आज़म ख़ान ने पत्रकारों से कहा, अब कहने के लिए बचा ही क्या है? मैं क्या कह सकता हूं? क़ानून का तो अब कोई वजूद ही नहीं रह गया है. क्या मुसलमान होने की यही सज़ा है? हमारी ग़लती बस इतनी थी कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई. यही हमारा गुनाह है. हमने बच्चों के लिए स्कूल बनाए. क्या यही हमारा जुर्म है?
14 अक्तूबर 2026 को प्रवर्तन निदेशालय ने आज़म ख़ान को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में वित्तीय अनियमितताओं, सरकारी फंड के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में नामजद किया था. इसी मामले में उन्हें शनिवार को गिरफ़्तार किया गया है.
उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आज़म ख़ान और उनके बेटे, पूर्व विधायक अब्दुल्लाह आज़म ख़ान को दो पैन कार्ड मामले में राहत दी थी और इसके बाद ही उन्हें जेल से रिहा किया गया था.(bbc.com/hindi)


