विपक्ष के ‘जन महाभियोग’ पर क्या बोले अखिलेश यादव?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर शनिवार को आयोजित हो रही जन महाभियोग को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, जब सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है, तो यह संदेश देने के लिए मॉक संसद का आयोजन किया जा रहा है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और लोकतंत्र और संविधान के सामने सबसे बड़े ख़तरों में से एक बनकर उभरा है.
अखिलेश यादव ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव को याद करते हुए सभी विपक्षी दलों के सांसद इस मॉक संसद में हिस्सा ले रहे हैं.
उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा, बीजेपी इतनी घबराई हुई क्यों है? अगर बीजेपी संसद में लिए गए फ़ैसलों को ज़मीन पर लागू नहीं कर रही है, तो उसने महिला आरक्षण पर पहले से पारित क़ानून को अब तक लागू क्यों नहीं किया? वह इस मुद्दे पर बहस क्यों नहीं करना चाहती?
उन्होंने आगे कहा, हमने पिछली लोकसभा के सत्र के दौरान जो हुआ, वह देखा है. जिन्होंने भक्तों के चंदे और लोगों की आस्था से चढ़ाए गए चढ़ावे की चोरी की है… उनसे लोकतांत्रिक मूल्यों को मज़बूत करने की क्या उम्मीद की जा सकती है?(bbc.com/hindi)



