छत्तीसगढ़

नेपाल में दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराए, एक भारतीय नागरिक की मौत

नेपाल में एवरेस्ट बेस कैंप के पास दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर हो गई.

नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के उप प्रवक्ता ज्ञानेंद्र भुल ने बीबीसी को इसकी पुष्टि की है.

इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया.

सोलुखुम्बु के असिस्टेंट चीफ़ डिस्ट्रिक्ट ऑफ़िसर भूपेंद्र थापा ने बताया कि हादसे में तमिलनाडु निवासी एक भारतीय यात्री की मौके पर ही मौत हो गई. थापा के मुताबिक़, एक अन्य घायल व्यक्ति को हेलीकॉप्टर के ज़रिए लुक्ला पहुंचाया गया है.

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हादसा सुबह क़रीब 8:15 बजे हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, लुक्ला से आ रहा एक हेलीकॉप्टर और गोरखपुर से लौट रहा दूसरा हेलीकॉप्टर बेस कैंप के पास एक ही स्थान पर उतरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई.

ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि हादसे की सटीक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है. शुरुआती आशंका है कि बर्फ़ से ढके होने के कारण हेलीकॉप्टरों ने निर्धारित हेलीपैड के बजाय किसी दूसरे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश की होगी.

अधिकारियों के मुताबिक़, हादसे का शिकार हुए हेलीकॉप्टर फ़िशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के थे. फ़िलहाल संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button