तेज स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर पलटी, नौजवान की मौत

छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोरबा, 13 नवंबर। कटघोरा-बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन सड़क से दूर जाकर पलट गया। हादसे में 18 वर्षीय रूपेश पटेल की मौत हो गई, जबकि उसका साथी आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के दोनों एयरबैग खुल गए और वाहन के पहिए तक उखड़ गए।
जानकारी के अनुसार, चकाबुड़ा निवासी रूपेश पटेल और बुंदेली निवासी आर्यन गोंड स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 12 बीवी 8131 से चकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की ओर जा रहे थे।
शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर मुख्य मार्ग पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
पेड़ से टकराने के बाद स्कॉर्पियो पलट गई और सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर रुकी। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन के दोनों एयरबैग खुल गए और कई हिस्से टूटकर अलग हो गए। पहिए तक उखड़ गए। टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम दोनों घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने रूपेश पटेल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आर्यन गोंड को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
रूपेश चकाबुड़ा निवासी दिलीप पटेल का बेटा था, जबकि आर्यन बुंदेली निवासी ओमप्रकाश गोंड का पुत्र है।



