सड़क पर मनमानी नहीं कर सकेंगे ट्रैफिक पुलिसकर्मी, वाहन रोकने और चालान काटने पर लगी रोक

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 13 नवंबर। शहर में ट्रैफिक पुलिस की मनमानी और वाहन चालकों से कथित वसूली की शिकायतों के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त व्यवस्था लागू की है। अब ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी मर्जी से सड़क पर वाहन रोककर दस्तावेजों की जांच नहीं कर सकेंगे और न ही मौके पर चालान काट सकेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन मिलने पर आईटीएमएस के जरिए ऑनलाइन ई-चालान जारी किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत किसी वाहन को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर उसकी तस्वीर ली जाएगी। इसके बाद इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से ऑनलाइन चालान जारी होगा।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन कर किसी वाहन को अनधिकृत रूप से रोकने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, शहर के बाहरी इलाकों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन जांच के नाम पर चालकों को परेशान करने और अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कई वाहन चालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। कुछ शिकायतें रायपुर स्तर तक भी पहुंची थीं।
इससे पहले एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की चालान रसीद बुक जमा कराने के निर्देश दिए थे, ताकि वे अपनी मर्जी से वाहन रोककर जुर्माना न वसूल सकें। इसके बावजूद कथित मनमानी की शिकायतें सामने आती रहीं।
एसएसपी ने निर्देश दिया है कि विशेष परिस्थितियों में वाहन जांच जरूरी होने पर ट्रैफिक अधिकारियों, ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) और संबंधित थाने के थाना प्रभारी की मौजूदगी में ही कार्रवाई की जाएगी। सामान्य परिस्थितियों में सड़क पर वाहन रोककर जांच करने की अनुमति नहीं होगी।
ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात नियंत्रित करना, जाम हटाना और आवागमन सुचारु बनाए रखना होगा। इंटरसेप्टर वाहनों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
कुछ ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात रहने और तबादले के बाद भी दोबारा यातायात विभाग में पदस्थापना हासिल करने की शिकायतें रही हैं। ऐसे कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी अब नजर रखी जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने बताया कि अब चालान की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। वाहन रोककर जांच करने की मनमानी नहीं चलेगी। यातायात व्यवस्था सुधारना ही पुलिसकर्मियों का मुख्य दायित्व होगा।



