छत्तीसगढ़

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बोले- ‘हम युद्ध की वजह से हारे’

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर प्रतिक्रिया दी है.

उन्होंने दावा किया कि ईरान के साथ अमेरिका का युद्ध उनकी पार्टी की हार की वजह बना.

उन्होंने कहा, हमारी हार की वजह युद्ध है.

उन्होंने आगे लिखा, हर कोई जानता है कि हम क्यों हारे और आगे हमें क्या करना चाहिए, इस पर होने वाली किसी भी निष्पक्ष चर्चा की शुरुआत इसी बात से होनी चाहिए.

जेडी वेंस का मानना है कि ईरान युद्ध की वजह से रिपब्लिकन पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस पर अपना नियंत्रण खो दिया.

वेंस ने स्वीकार किया कि ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई और अन्य मुद्दों के चलते उन रिपब्लिकन मतदाताओं ने भी इस साल पार्टी का साथ छोड़ दिया, जिन्होंने 2024 में उनका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था.

उन्होंने यह भी माना कि मतदाताओं को प्रशासन की इमिग्रेशन पॉलिसी पर भी आपत्ति थी. उन्होंने कहा कि वह इस नीति में कुछ सुधार करने के लिए तैयार हैं.

वेंस ने बताया कि ट्रंप ने भी कल रात ईरान के साथ युद्ध को लेकर लोगों की नाराज़गी का ज़िक्र किया था. हालांकि, सार्वजनिक रूप से कई महीनों तक युद्ध का समर्थन करने के बाद उपराष्ट्रपति वेंस ने ट्रंप की तुलना में इस मुद्दे पर अधिक स्पष्ट और दोटूक बयान दिया.

वेंस के इस बयान के बाद साल 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर उनकी योजनाओं में लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है.

बीबीसी संवाददाता डैनियल बुश के मुताबिक, राजनीतिक विश्लेषकों ने अटकलें लगाई हैं कि वह इस मौके का इस्तेमाल व्हाइट हाउस की दौड़ में शामिल होने के संकेत देने के लिए कर रहे हैं. अब तक वेंस इस सवाल का सीधा जवाब देने से बचते रहे हैं.

हालांकि, मिडटर्म चुनाव ख़त्म होने के बाद अब उन पर जल्द ही अपने फ़ैसले का ऐलान करने का दबाव बढ़ेगा.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button