ईवीएम से जीतें तो भरोसा, हारें तो सवाल!

कांग्रेस के दोहरे रवैये पर बरसे अजय चंद्राकर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 5 नवंबर। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ईवीएम के जरिए चुनाव जीतकर सत्ता में आती है, तब उसे चुनाव प्रणाली पर कोई आपत्ति नहीं होती। लेकिन हार मिलने पर ईवीएम और निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने लगती है। लोकतंत्र में असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता का माहौल बनाना उचित नहीं है।
बुधवार को बिलासपुर के ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर कृषि महाविद्यालय में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित राष्ट्र चिंतन-वैचारिक संवाद कार्यक्रम में चंद्राकर ने बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपनी बात रखी।
चंद्राकर ने कहा कि भारत की वैश्विक पहचान उसके लोकतंत्र से है। चुनाव में जीत और हार स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन जनादेश स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा जब ईवीएम से चुनाव जीतकर सत्ता में आई, तब कांग्रेस को इस व्यवस्था से कोई परेशानी नहीं थी। अब चुनाव परिणाम उसके पक्ष में नहीं आते तो ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए जाते हैं। यह कांग्रेस की राजनीतिक दोहरी नीति को दर्शाता है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी चंद्राकर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पास प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तक मौजूद नहीं हैं। ऐसे में पूरी राष्ट्रीय चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता जरूरी है। लेकिन बिना ठोस आधार के संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने से जनता का भरोसा कमजोर होता है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को विपक्षी दलों की रैली को लेकर भी चंद्राकर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि रैली में तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी जैसे बड़े नेता मौजूद थे, इसके बावजूद मैदान में बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली थीं। इससे विपक्ष की राजनीतिक ताकत और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने आशुतोष रांका और अभिजीत दीपके का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थापित तथ्य है कि दोनों आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रहे हैं। चंद्राकर के मुताबिक, किसी भी आंदोलन की सफलता का पैमाना अंततः जनता ही तय करती है, न कि मंच पर मौजूद नेताओं की संख्या।
पूर्व मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब न तो ठोस मुद्दे बचे हैं और न ही मौलिक विचार। जनता से जुड़े सवालों पर चर्चा करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और ईवीएम को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका केवल सत्ता का विरोध करना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हित और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक भूमिका निभाना भी है। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आम लोग मौजूद थे।



