कमल विहार में हत्या, दो गिरफ्तार, पुरानी रंजिश में ली जान

रायपुर, 11 नवंबर।कमल विहार में हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार कर लिया है।
थाना तेलीबांधा क्षेत्र में एक युवक के लापता होने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। प्रार्थिया द्वारा सूचना दी गई कि उसका पुत्र निरंजन पाल 10 नवंबर को रात्रि लगभग 8:30 बजे से घर से लापता है। प्रारंभिक पूछताछ में प्राप्त महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर राजा नायडू से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मामले की परतें खोलते हुए विनोद दांडेकर की संलिप्तता का पता लगाया।
पूछताछ में सामने आया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व अपने पुत्र की हत्या में निरंजन पाल के शामिल होने के संदेह के चलते विनोद दांडेकर उससे पुरानी रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते विनोद दांडेकर ने राजा नायडू के साथ मिलकर निरंजन पाल को कमल विहार सेक्टर-13 बुलाया, जहां दोनों ने उसे शराब पिलाने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य एवं पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतक के कपड़े जलाकर शव को गटर में फेंक दिया तथा उसकी एक्टिवा को बाकल नदी के पास छिपा दिया।
पुलिस द्वारा त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों राजा नायडू एवं विनोद दांडेकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक निरंजन पाल का शव बरामद कर लिया गया। साथ ही घटना से संबंधित जले हुए कपड़े एवं मृतक की एक्टिवा भी बरामद की गई है।
उल्लेखनीय है कि आरोपी राजा नायडू थाना तेलीबांधा का गुंडा-बदमाश है।
तेलीबांधा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतत पतासाजी एवं प्रभावी विवेचना के परिणामस्वरूप गुमशुदगी के प्रकरण में हत्या का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा मृतक का शव एवं महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है।


