यूरोप रीजन फिजियोथेरेपी कांफ्रेंस में रायपुर की डॉ. गोयल ने सेरिब्रल पालसी पर किया जागरूक

दुनियाभर से विशेषज्ञ पहुंचें स्पेन, नए शोध पर हुआ विचार-विमर्श
रायपुर, 11 नवंबर। छठवें यूरोप रीजन फिजियोथेरेपी कांग्रेस के 2026 का आयोजन स्पेन के मैड्रिड शहर में 5-6 नवंबर को हुआ। इस भव्य अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में स्पेन, नॉर्वे, ग्रीस, इटली, भारत समेत दुनिया भर के विभिन्न देशों के आए फि़जियोथेरेपिस्ट शामिल हुए। आयोजन मैड्रिड के पैलेसियो म्युनिसिपेल दे कांग्रेसस में हुआ। फिजियोथेरेपी के विशेषज्ञाओं जैसे मस्कुलोस्केलेटल, न्यूरोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, स्पोर्ट्स, कार्डियोपल्मोनरी पर नवीनतम शोध पर चर्चा एवं संगोष्ठियाँ हुई।
इस कांफ्रेंस में शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, दुर्ग की प्रभारी प्राचार्य, डॉ चानन गोयल ने पीडियाट्रिक केटेगरी में रिसर्च पेपर प्रस्तुत किया। इन्होंने अपने प्रस्तुतिकरण में सेरिब्रल पालसी से ग्रसित बच्चों के लिए फिजियोथेरेपी में सेंसरी गार्डन के महत्व पर प्रकाश डाला। सेरिब्रल पाल्सी बच्चों में होने वाला ऐसा मस्तिष्क रोग है जिसमें बच्चों की विकास की गति धीमी हो जाती है, उनके खड़े होने, चलने में कठिनाई होती है। सेंसरी गार्डन द्वारा बच्चों को विभिन्न प्रकार के सेंसरी इनपुट्स मिलते हैं जिससे उनके मोटर आउटपुट में सकारात्मक परिवर्तन की संभावना बढ़ती है।
डॉ. गोयल ने बताया कि बगीचे में घांस, रेत, मिट्टी, गिट्टी जैसी विभिन्न सतहों पर चलने-खेलने से तंत्रिका तंत्र द्वारा मस्तिष्क में ऐसे संकेत पहुंचते हैं जो मांसपेशियों में संकुचन पैदा करने में सहायक होते हैं। अनेक प्रकार के झूले वेस्टिबुलर इनपुट देती हैं। इससे शरीर का संतुलन बढ़ाने में मदद मिलती है। बच्चों की विकास की गति को बढ़ाने में फिजियोथेरेपी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा की गई सेंसरी गार्डन में थेरेपी बच्चों को स्वयं खड़े होने एवं चलना सिखाने में सहायक होती है।
डॉ. गोयल ने बताया कि खेल के माध्यम से होने वाली थेरेपी बच्चों में उत्साह वर्धन करती है और बच्चे की थेरेपी में सक्रिय भागीदारी बढ़ती है। ऐसे कई बच्चे जो सेरिब्रल पाल्सी की वजह से चलने में सक्षम नहीं थे वे नियमित थेरेपी के लाभ से ना केवल अब चलने में समर्थ हैं बल्कि अब आत्मनिर्भर की दिशा में बढक़र स्कूल भी जा रहे हैं। बच्चों की शारीरिक क्षमताओं को विकसित करने में फिजियोथेरेपी अत्यंत उपयोगी है।


