बेंगलुरु: कैब चालक ने पत्नी समेत उसके परिवार के सात सदस्यों की हत्या की

बेंगलुरु, 6 नवंबर। बेंगलुरु के श्रीरामपुरा इलाके में एक कैब चालक ने घरेलू विवाद के कारण कथित तौर पर पत्नी के परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, मृतकों में सात वर्षीय एक लड़का भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि आरोपी शेखर ने भाष्यम सर्कल के पास स्थित अपने घर पर दो दिनों के भीतर कथित तौर पर इन हत्याओं को अंजाम दिया और शवों को चिक्काबल्लापुर जिले के नंदी हिल्स और तटीय कर्नाटक के चारमाडी घाट सहित विभिन्न स्थानों पर फेंक दिया।
राजाजीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन हत्याओं को कब अंजाम दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, शेखर का पत्नी सुनीता के साथ अक्सर मायके जाने को लेकर विवाद होता था। दोनों की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, परिवार के सदस्यों द्वारा दंपति के बीच सुलह कराने के तमाम प्रयासों के बावजूद उनके मतभेद दूर नहीं हुए। सुनीता को उसकी मां और भाइयों से मिल रहे समर्थन से शेखर बेहद नाराज था, जिसके बाद उसने उसके पूरे परिवार को खत्म करने का फैसला किया।
सूत्रों ने बताया कि इन हत्याओं को राजाजीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भाष्यम सर्कल के पास स्थित 59वीं क्रॉस के एक आवासीय इलाके में अंजाम दिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने पहले कथित तौर पर सीलबट्टे से हमला कर सुनीता की हत्या कर दी और उसके शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास फेंक दिया। इसके बाद उसने संदेह से बचने के लिए सुनीता का मोबाइल फोन बंद कर दिया और पड़ोसियों को बताया कि वह घूमने गई है।
अगले दिन आरोपी ने कथित तौर पर सुनीता के भाईयों शिवकुमार और शंकर को जश्न के बहाने घर पर बुलाया और सीलबट्टे से वार कर उनकी भी हत्या कर दी। उसने दोनों की पत्नियों क्रमशः दिव्या व नलिनी, सास रूपावती तथा शिवकुमार के सात वर्षीय बेटे पुनीत की भी हत्या कर दी।
इन हत्याओं का खुलासा नलिनी की मां द्वारा बृहस्पतिवार को श्रीरामपुरा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद हुआ। पुलिस ने जांच के दौरान इन सिलसिलेवार हत्याओं का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पुनीत का शव नंदी हिल्स के पास से बरामद किया गया है जबकि शेष शवों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
शेखर ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वह घरेलू विवादों के कारण काफी परेशान था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन हत्याओं को अंजाम देने में किसी ने उसकी मदद की थी, जिसमें उसकी बेटी की संभावित भूमिका भी शामिल है।
इसके अलावा, पुलिस यह भी तफ्तीश कर रही है कि एक आवासीय इलाके में स्थित होने के बावजूद इस घर में हुई इन हत्याओं की भनक किसी को कैसे नहीं लगी।(भाषा)
