छत्तीसगढ़

रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से सात लाख की ठगी

रकम वापस मांगने पर अपहरण और हत्या की धमकी

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बिलासपुर, 6नवंबर। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक रेलवे कर्मचारी पर अपनी तलाकशुदा महिला रिश्तेदार से सात लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। आरोपी ने महिला की बेटी को रेलवे में नौकरी दिलाने के लिए15लाख रुपये मांगे थे। नौकरी नहीं मिलने पर महिला ने रकम वापस मांगी तो उसे झूठे मामले में फंसाने,अपहरण करने और हत्या की धमकी दी गई। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के मामले में जांच शुरू कर दी है।

तारबाहर में एफसीआई गोदाम के पास रहने वाली सविता मिश्रा अपनी बेटी के साथ रहती हैं। उनके दूर के रिश्तेदार बलभद्र प्रसाद वाजपेयी रेलवे में कार्यरत हैं। वह जूना पारा स्थित संतोषी मंदिर के पास झोपड़ापारा में रहते हैं।

शिकायत के मुताबिक बलभद्र ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए सविता की बेटी को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद2अप्रैल2025को महिला ने पांच लाख रुपये का सेंट्रल बैंक का चेक दिया,जिसे आरोपी ने भुना लिया।30अप्रैल को उसने महिला को रेलवे कार्यालय बुलाकर दो लाख रुपये नकद भी ले लिए।

तीन महीने बीतने के बाद भी बेटी का नियुक्ति पत्र नहीं आया तो सविता ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने पैसे लौटाने के बजाय उन्हें झूठे मामले में फंसाने,अपहरण करने और जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button