झारखंड के खूंटी में तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बच्चों समेत सात लोगों को कुचला

रांची, 6 नवंबर। झारखंड के खूंटी जिले में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह हादसा बृहस्पतिवार रात कर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर हुआ, जब 18 पहियों वाले ट्रक ने अंधेरे में एक तीव्र मोड़ पर मुड़ते समय लोगों को कुचल दिया।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ गर्ग ने बताया कि बृहस्पतिवार रात एक स्कूटर सवार खाई में गिर गया था। उसे बचाने के लिए कुछ लोग कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर पहुंचे। इस दौरान कई महिलाएं और बच्चे भी घटनास्थल पर जुट गए।
अधिकारी ने बताया, इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा 18 पहियों वाला एक ट्रक तीव्र मोड़ पर मुड़ते समय वहां मौजूद लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। अंधेरा होने के कारण संभव है कि चालक की नजर सड़क पर जमा भीड़ पर नहीं पड़ी हो।
उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया, हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान जयंती देवी, उनकी बेटी अंजलि देवी (20) और नाती सौरव नायक (11) के रूप में हुई है। इनके अलावा फागन सांगा (26), उनकी बेटियां शिवानी कुमारी (12) और सोनी कुमारी (8) तथा उनकी सास करमी लोहरैन (50) की भी मौत हुई है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा, खूंटी जिले के कर्रा में सड़क हादसे में सात लोगों की मौत की हृदयविदारक खबर से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मरांग बुरू दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।(भाषा)


