छत्तीसगढ़

नक्सलवाद के खात्मे की जीत जवानों के साहस और सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति की : मोदी

47 साल बाद पहली बार एक साल में ड्यूटी के दौरान किसी सीआरपीएफ जवान की नहीं गई जान

छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 8 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वर्ष 2026 की दीपावली देश के लिए बेहद खास है। यह पहली दीपावली है, जब देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई में जीत हासिल की है। देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और करोड़ों देशवासियों ने नक्सलवाद के भय को पराजित किया है। नक्सलवाद का अंत जवानों के साहस, संयम और सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति की जीत है।

रविवार को बस्तर के करनपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में जवानों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई आसान नहीं थी। एक समय देश के 20 राज्यों के 230 जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से में नक्सली हिंसा का प्रभाव था। हजारों गांव और करोड़ों लोग इसके साये में जीने को मजबूर थे। शाम होते ही लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता था। नक्सलियों ने एक साल में दो हजार से अधिक हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया। वर्ष 2010 में उन्होंने सीआरपीएफ के 76 जवानों की जान ली थी। इसके बाद 44 जवानों की शहादत का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह धरती हमारे वीर जवानों के खून से भीगी रही, लेकिन उस समय महलों में रहने वाले लोगों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं दिखाई दी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 47 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है, जब बीते एक साल के दौरान ड्यूटी पर किसी सीआरपीएफ जवान को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ी। यह देश की सही नीतियों और अडिग इच्छाशक्ति का परिणाम है। पूर्ववर्ती सरकारों में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी रही। हमने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोगों का जीवन बदलने का काम किया। यही वजह है कि नक्सलवाद के पीड़ित भी सरकार और सुरक्षा बलों के साथ मजबूती से खड़े हुए। उन्होंने कहा कि जब हम राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करते हैं, तो देश की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित होती है तथा गरीब और वंचित वर्ग की विकास में भागीदारी भी बढ़ती है। बीते 12 वर्षों में देश ने नक्सलवाद और अलगाववाद के खिलाफ लड़ाई जीतने के साथ गरीबी के खिलाफ भी बड़ी जंग जीती है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button