50 साल बाद बस्तर में ऐसी दीवाली – मोदी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर/बस्तर, 8नवंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवाली मनाने बस्तर के करनपुर स्थित CRPF कैंप पहुंचे हैं, जहां वे सुरक्षाबलों के जवानों के साथ दिवाली मना रहे हैं। प्रधानमंत्री के बस्तर पहुंचने से जवानों में उत्साह का माहौल है।
इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरे देश में और दुनिया के कोने-कोने में करोड़ों भारतीय रोशनी का यह शुभ त्योहार मना रहे हैं। लोग दूर-दूर से अपने घरों में लौट रहे हैं। यह परिवारों और प्रियजनों के लिए एक साथ आने और जश्न मनाने का एक बड़ा अवसर है। मैं भी दिवाली मनाने के लिए आप सबके बीच आया हूं। जो लोग सीमाओं पर और देश के भीतर राष्ट्र की रक्षा करते हैं, राष्ट्र के रक्षक और भारत माता के वीर पुत्र-पुत्रियां, आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं।
साल 2026 की ये दीवाली विशेष है- PM मोदी
वहीं उन्होंने आगे कहा कि साल 2026 की ये दीवाली वाकई विशेष है! ये पहली दीवाली है, जब देश नक्सलवाद-माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुका है। ये पहली दीवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है। ये पहली दीवाली है, जब करोड़ों देशवासी नक्सलवाद के भय को परास्त कर चुके हैं।
47 साल बाद, पहली बार ऐसा हुआ है, जब पिछले एक वर्ष में CRPF के एक भी जवान को duty के दौरान जान नहीं गंवानी पड़ी। ये देश की सही नीतियों और दृढ़ इच्छाशक्ति की जीत है। हमने सेवा भाव से नक्सल प्रभावित इलाकों में लोगों के जीवन को बदला। इसलिए, नक्सलवाद से पीड़ित लोग भी सरकार और सुरक्षाबलों के साथ मजबूती से खड़े हुए हैं। आज एक तरफ 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। दूसरी ओर, देश में नक्सली हिंसा का भी अंत हुआ है।



