छत्तीसगढ़

टीएमसी के विधायक परेश राम दास रेप के आरोप में गिरफ़्तार

-प्रभाकर मणि तिवारी

पश्चिम बंगाल की कैनिंग पश्चिम सीट से तृणमूल कांग्रेस के विधायक परेश राम दास को सोमवार को पुलिस ने रेप के आरोप में कलकत्ता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वो मुंबई भागने की कोशिश कर रहे थे. उनकी गिरफ्तारी बारुईपुर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के अधिकारियों ने कोलकाता के विधाननगर पुलिस की मदद से की.

परेश ने गिरफ्तारी के बाद पत्रकारों से कहा कि उनको इस बात की जानकारी नहीं है कि किस मामले में गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, पुलिस ने पुष्टि की है कि उनकी गिरफ़्तारी रेप के ही मामले में हुई है.

बारुईपुर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया, दास के खिलाफ बीते पांच सितंबर को कैनिंग थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 323, 420, 120बी और 506 के तहत एक मामला दर्ज हुआ था.

गिरफ्तारी के बाद उनको बारुईपुर जिला पुलिस मुख्यालय में ले जाकर पूछताछ की गई. उनको मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा.

बीते मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद कैनिंग पश्चिम सीट के विजयी उम्मीदवार के खिलाफ कई आरोप लगे थे. इससे पहले वर्ष 2023 में पंचायत चुनाव के दौरान भी उनके खिलाफ अशांति के आरोप लगे थे.

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, विधायक के खिलाफ सरकारी ज़मीन पर अवैध निर्माण करने के अलावा हत्या की कोशिश और शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं. हाल में सीआईडी ने उनसे पूछताछ भी की थी.

दूसरी ओर, पार्टी के ममता गुट के प्रवक्ता विधायक कुणाल घोष ने इस गिरफ्तारी की टाइमिंग पर सवाल उठाया है. उन्होंने पत्रकारों से कहा, परेश जब तक ऋतब्रत बनर्जी गुट में थे, तब तक सब ठीक था. अब वो ममता गुट में वापसी की कोशिश कर रहे थे. लेकिन ठीक उसी समय उनको गिरफ्तार कर लिया गया.

दूसरी ओर, तृणमूल के ऋतब्रत गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरूप राय का कहना था, पुलिस को परेश दास के खिलाफ निश्चित तौर पर कोई ठोस सबूत मिला होगा. उसी आधार पर उनको गिरफ्तार किया गया होगा.(bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button