सीबीएसई, 10-12 वीं में ऐसे मिलेंगे अंक

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 10नवंबर । सीबीएसई ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10-12वीं की फरवरी में होने वाली परीक्षाओं के लिए विषयवार अंक विभाजन का प्रारूप जारी किया है।
इसके तहत स्कूलों को प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित प्रारूप के अनुसार ही अपलोड करने होंगे।
बोर्ड के अनुसार, दसवीं में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों में 80 अंक की लिखित परीक्षा और 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन होगा।
वहीं, प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट आधारित विषयों में अंक विभाजन अलग रहेगा। बारहवीं में अंग्रेजी कोर, हिंदी कोर और अन्य भाषा विषयों के लिए 80 अंक थ्योरी और 20 अंक इंटरनल असेसमेंट निर्धारित हैं।फिजिक्स, केमेस्ट्री और बायोलॉजी में 70 अंक लिखित परीक्षा और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे। भूगोल और मनोविज्ञान में भी 70-30 का पैटर्न लागू रहेगा।इतिहास और राजनीति विज्ञान में 80 अंक थ्योरी तथा 20 अंक प्रोजेक्ट के लिए निर्धारित किए गए हैं। बिजनेस स्टडीज और एकाउंटेंसी में भी 80-20 का अंक विभाजन रहेगा। वहीं, कंप्यूटर साइंस और इंफार्मेटिक्स प्रैक्टिसेज में 70 अंक थ्योरी और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे।



