छत्तीसगढ़

बिलासपुर में म्यूल बैंक खाते से साइबर ठगी, पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

  • बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी में करता था मदद, आरोपी के पास से नकदी और मोबाइल जब्त

बिलासपुर, 10 नवंबर 2026। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरी पुलिस ने म्यूल बैंक खाते के जरिए ठगी करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक खाते उपलब्ध कराकर साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने में सहयोग करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,950 रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर मुख्यालय से म्यूल बैंक खातों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने भारत सरकार के पुलिस पोर्टल समन्वय (JMIS) के माध्यम से बैंक ऑफ महाराष्ट्र की सकरी शाखा स्थित एक संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाते के खिलाफ करीब 18 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

यह बैंक खाता ‘श्रीधाम यात्रा सेवा समिति’ के नाम से पंजीकृत था। जांच में खाते का संचालन उपेंद्र सिंह द्वारा किया जाना सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में पहले ही उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी भानूप्रताप मानिकपुरी की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। आरोप है कि उसने खुद के साथ अन्य लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल अत्यधिक लाभ कमाने का लालच देकर म्यूल अकाउंट के माध्यम से ठगी की रकम के लेन-देन में किया।

इसके बाद सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भानूप्रताप पिता स्व. बिसाहू दास मानिकपुरी (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ग्राम पुटपुरा, थाना नांदघाट, जिला बेमेतरा का निवासी है और वर्तमान में वार्ड क्रमांक 13, बछेरापारा तिफरा, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल दाखिल कराया गया। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते और मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखें। किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता उपलब्ध न कराएं और लालच में आकर संदिग्ध लेन-देन से बचें। बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम के लेन-देन में किया जा सकता है। सतर्क रहें और साइबर अपराध मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button