बिलासपुर में बेटे की हैवानियत: बुजुर्ग पिता पर लोहे के हथियार से हमला कर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, हालत गंभीर
बिलासपुर, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर में एक बेटे ने अपने 76 वर्षीय बुजुर्ग पिता पर पहले लोहे के हथियार से हमला किया और फिर पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जला दिया। आग की लपटों में घिरे पिता को तड़पता छोड़कर आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट (76) खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में उन्होंने अपनी बेटी दुरपति बाई और उसके परिवार को अपने साथ रखा था। बेटी और उसका परिवार उनकी देखभाल करने के साथ खेती का काम भी संभालता था। वहीं, उनका बेटा आशाराम केंवट पास के गांव बरेली में रहता है। बताया जा रहा है कि पिता द्वारा बेटी को अपने साथ रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर आशाराम नाराज था।
बुधवार को आशाराम अपने गांव सेलर पहुंचा और पिता से बेटी को मायके में रखने तथा संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लोहे के हथियार से पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद साथ लाए पेट्रोल को बुजुर्ग के शरीर पर डालकर आग लगा दी। आग लगते ही विश्राम केंवट लपटों में घिर गए और दर्द से तड़पने लगे।
घटना के दौरान पिता को जलता देख बेटी दुरपति बाई घबरा गई। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। बुजुर्ग के शरीर का काफी हिस्सा आग से झुलस गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और सिम्स में डॉक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे बेटी को पिता के साथ रखने और संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। वारदात के बाद से आरोपी आशाराम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।



