पिता पर लोहे के हथियार से किया हमला, पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 13 नवंबर। सीपत थाना क्षेत्र के सेलर गांव में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। एक बेटे ने अपने 76 वर्षीय पिता पर पहले लोहे के हथियार से हमला किया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सेलर निवासी विश्राम केंवट (76) अब खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ हैं। इसलिए उनकी बेटी दुरपति बाई अपने परिवार के साथ मायके में रहकर उनकी देखभाल करती है। खेती का काम भी बेटी का परिवार ही संभालता है।
विश्राम का बेटा आशाराम केंवट पास के बरेली गांव में रहता है। बताया जा रहा है कि पिता के घर बेटी के रहने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर वह नाराज था।
बुधवार को आशाराम सेलर गांव पहुंचा। यहां पिता के साथ बेटी के मायके में रहने और संपत्ति को लेकर उसका विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर उसने लोहे के हथियार से पिता पर हमला कर दिया।
इसके बाद अपने साथ लाए पेट्रोल को बुजुर्ग के ऊपर डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे पिता को तड़पता छोड़कर आरोपी वहां से भाग निकला।
पिता को आग में घिरा देखकर दुरपति बाई घबरा गई। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और एंबुलेंस की मदद ली। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे विश्राम को अस्पताल पहुंचाया।
बुजुर्ग के शरीर का काफी हिस्सा जल गया है। उन्हें इलाज के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी में संपत्ति विवाद और बेटी के मायके में रहने को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।



