छत्तीसगढ़

हल्द्वानी में नाबालिग से गैंगरेप, एबीवीपी के पूर्व प्रत्याशी समेत 4 बंदी

हल्द्वानी, 14 नवंबर। उत्तराखंड के हल्द्वानी में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एबीवीपी के पूर्व छात्रसंघ प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पहचान नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के रूप में हुई है। घटना मुखानी थाना क्षेत्र के एक होटल की बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि चारों युवक उसे बहला-फुसलाकर और धमकाकर होटल ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। बाद में किशोरी होटल के बाहर मिली और उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. के मुताबिक, पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। होटल का निरीक्षण किया गया तथा सीसीटीवी फुटेज की शुरुआती जांच में घटना की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है। मामले में पीड़िता की चिकित्सकीय जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी की जा रही हैं।

इस मामले में मुख्य आरोपी धीरज बिष्ट की छात्र राजनीति से जुड़ी पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। वह इसी वर्ष हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी था। स्थानीय समाचार पत्र हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव के दौरान मतगणना के समय उसने कथित रूप से मतपत्रों की एक गड्डी फाड़ दी थी। उस समय पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था।

घटना सामने आने के बाद एबीवीपी ने भी इसकी निंदा की है। संगठन के उत्तराखंड प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संगठन हर संभव सहायता करेगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button