कबीरधाम पुलिस के 5 अधिकारी-कर्मचारी बने ‘COP OF THE MONTH’, उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान
कवर्धा, 14 नवंबर 2026। कबीरधाम जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराधों के त्वरित निराकरण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को अक्टूबर 2026 के लिए ‘COP OF THE MONTH’ चुना गया है। SP जितेन्द्र कुमार यादव (आईपीएस) की पहल पर चयनित इन पुलिसकर्मियों ने अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी की संपत्ति की बरामदगी, साइबर अपराधों के खुलासे और संकट में फंसे व्यक्ति की जान बचाने जैसे सराहनीय कार्य किए हैं।
‘COP OF THE MONTH’ के लिए थाना सिटी कोतवाली कवर्धा के निरीक्षक लालजी सिन्हा, साइबर थाना के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना कवर्धा पैंथर-2 के आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा तथा साइबर थाना के आरक्षक पूरन डाहिरे और अमित ठाकुर का चयन किया गया है।
निरीक्षक लालजी सिन्हा ने 30 गुम इंसानों को खोजा
थाना सिटी कोतवाली कवर्धा के प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा ने अक्टूबर माह में बेहतर कार्य करते हुए 197 अभियोग पत्र तैयार किए और 30 गुम इंसानों की दस्तयाबी की। इसके अलावा 490 लोकल शिकायतों और 82 सदरी शिकायतों का निराकरण किया। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 35 आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिनमें से 19 को जेल भेजा गया। अपराधों के निराकरण और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए उन्हें चुना गया है।
निरीक्षक उमाशंकर राठौर ने साइबर अपराधों के आरोपियों को दूसरे राज्यों से पकड़वाया
साइबर थाना के निरीक्षक उमाशंकर राठौर ने साइबर अपराधों की विवेचना में तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए कई मामलों के अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें दूसरे राज्यों से गिरफ्तार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही जिले के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी और झपटमारी के मामलों में आरोपियों की पहचान तथा चोरी की संपत्ति बरामद कराने में योगदान दिया।
एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के चलते विशेष न्यायालय ने संबंधित आरोपियों को दोषसिद्ध कर सजा सुनाई। उनके इन्हीं कार्यों के लिए चयन किया गया है।
आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा ने बचाई व्यक्ति की जान
थाना कवर्धा पैंथर-2 में पदस्थ आरक्षक राजेन्द्र सिन्हा ने 20 अक्टूबर 2026 को फांसी लगाने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति की जान बचाकर मानवता और तत्परता का परिचय दिया। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और समय रहते व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया। संकट की घड़ी में दिखाई गई तत्परता के लिए उन्हें ‘COP OF THE MONTH’ चुना गया।
आरक्षक पूरन डाहिरे ने CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान की
साइबर थाना के आरक्षक पूरन डाहिरे ने सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण से चोरी के मामलों में अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थाना कवर्धा के एक मामले में आरोपियों को महाराष्ट्र के भुसावल से गिरफ्तार कराने में योगदान दिया। इसके अलावा चौकी पोड़ी और थाना सहसपुर लोहारा में दर्ज चोरी के मामलों में आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी में भी अहम भूमिका निभाई।
आरक्षक अमित ठाकुर ने डकैती और चोरी के मामलों में किया बेहतर काम
साइबर थाना के आरक्षक अमित ठाकुर ने थाना तरेगांव जंगल में दर्ज डकैती के मामले में आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी में सराहनीय योगदान दिया। वहीं थाना पंडरिया में दर्ज चोरी के मामले में अज्ञात आरोपियों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्व में भी चोरी के विभिन्न मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्ति बरामदगी के लिए उन्होंने लगातार बेहतर कार्य किया है।
उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहित करने की पहल
कबीरधाम SP जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा शुरू की गई ‘COP OF THE MONTH’ पहल का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों में बेहतर कार्य करने की प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करना और उत्कृष्ट पुलिसिंग को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से अपराध नियंत्रण, त्वरित विवेचना, आरोपियों की गिरफ्तारी, आम नागरिकों की सुरक्षा और जवाबदेह पुलिसिंग में बेहतर परिणाम देने वाले पुलिसकर्मियों को पहचान और सम्मान दिया जा रहा है।



