कागजों में कैद गोठान सड़कों पर गोवंश
राजनांदगांव: गोवंश संरक्षण, संवर्धन और घुमंतू मवेशियों की समस्या से निजात दिलाने के लिए गोठानों को गोधाम के रूप में विकसित करने की शासन की महत्वाकांक्षी योजना जिले में कागजों से बाहर नहीं निकल पाई है। जिले के चारों विकासखंड में 10-10 गोधाम बनाने यानी कुल 40 गोधाम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन अब तक एक भी गोधाम अस्तित्व में नहीं आ पाया है। पशु चिकित्सा एवं सेवाएं विभाग ने संचालन के लिए निजी संस्थाओं और एनजीओ से आवेदन भी मंगाए थे। करीब 19 आवेदन प्राप्त हुए, लेकिन निर्धारित मापदंड पूरे नहीं होने के कारण किसी भी संस्था को संचालन की अनुमति नहीं मिल सकी। नतीजतन जिले के सैकड़ों गोठान उपयोगहीन होते जा रहे हैं और गोवंश सड़कों पर भटकने को मजबूर है।
जिले में 363 से अधिक गोठान होने के बावजूद उनका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। गोधाम के रूप में विकसित होने से इन केंद्रों पर मवेशियों के रहने, चारे-पानी, पशु आहार और नस्ल सुधार जैसी व्यवस्थाएं विकसित होनी थीं। योजना के अनुसार एनजीओ को प्रत्येक मवेशी के पीछे शुरुआती वर्ष में प्रतिदिन 10 रुपये दिए जाने थे। यह सहायता राशि तीसरे वर्ष तक बढ़ाकर 30 रुपये प्रतिदिन करने का प्रविधान था। इसके अलावा अधोसंरचना विकास, पशु आहार, नस्ल सुधार और चरवाहे की व्यवस्था के लिए अलग से राशि दिए जाने की योजना थी। इसके बावजूद योजना आगे नहीं बढ़ पाई।
जिले में साढ़े तीन सौ से अधिक गोठान होने के बावजूद अधिकांश की स्थिति बदहाल है। पूर्व में इन गोठानों के संचालन के लिए प्रत्येक गोठान को हर महीने 10 हजार रुपये दिए जाते थे, लेकिन सरकार बदलने के बाद व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई गोठानों में न चारे की व्यवस्था है और न ही नियमित गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सरपंच और सचिव के बीच तालमेल की कमी भी व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। रोजगारपरक गतिविधियों का अभाव है। गोठानों को दोबारा व्यवस्थित करने के लिए ग्रामीण कई बार पंचायत स्तर पर ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
शहर के चौक-चौराहों पर मवेशियों का कब्जा, यातायात प्रभावित
गोधाम योजना की विफलता का असर अब शहर की सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है। सुगम यातायात के लिए वृहद कार्ययोजना तैयार होने के बावजूद घुमंतू मवेशियों से शहर को मुक्त कराने ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। रामदरबार चौक, पोस्ट आफिस चौक, महावीर चौक, डा. आंबेडकर चौक, आरके नगर चौक, बसंतपुर चौक, नंदई चौक और पेंड्री-रेवाडीह चौक में सुबह से ही मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार ट्रैफिक सिग्नल की बत्ती हरी होने के बाद भी मवेशियों के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी भी असहाय नजर आते हैं।
