ताजा खबर

कार बाइक की आमने सामने भिड़ंत युवक की मौके पर मौत दो गंभीर

राजनांदगांव: गंडई क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और युवक की जिंदगी छीन ली। नगर के समीपस्थ ग्राम पैलीमेटा में शुकवार को कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम उरतुली निवासी 19 वर्षीय खुमान पटेल, 12 वर्षीय दुर्गेश पटेल और 20 वर्षीय भुनेश्वर पटेल किसी काम से पहाड़ी मानपुर गए हुए थे। काम पूरा करने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव उरतुली लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे ग्राम पैलीमेटा के पास पहुंचे, सामने से आ रही टाटा पंच कार क्रमांक सीजी 04 क्यूयू 2707 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में खुमान पटेल को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दुर्गेश पटेल और भुनेश्वर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, चालक गिरफ्तार

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को घेर लिया और तत्काल मोहगांव पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक बलौदाबाजार परसवानी निवासी 34 वर्षीय रविशंकर वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button