ताजा खबर

ढाई साल बाद भी नहीं बदली सड़कों की सूरत

राजनांदगांव : शहर की जर्जर सड़कों से नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद ढाई साल बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। सड़क डामरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति, ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने, उन्हें काली सूची में डालने और दोबारा निविदा जारी करने जैसी कवायद भी बेअसर साबित हुई। हालात यह हैं कि वार्ड 19 की चार और वार्ड 36 संजय नगर की पांच सड़कों का काम अब तक अधूरा है। इन कार्यों की लागत करीब एक करोड़ 53 लाख रुपये है। डामर की बढ़ती कीमतों का हवाला देकर ठेकेदार काम से पीछे हट रहे हैं। नतीजतन, गड्ढों और उखड़ी सड़कों के बीच नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।

वर्ष 2024-25 में नगर निगम को शहर की 42 सड़कों के डामरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी। जून 2025 तक इनमें से 28 सड़कों का ही काम पूरा हो सका, जबकि 14 सड़कें अधूरी रह गईं। वर्षाकाल समाप्त होने के बाद भी निर्माण एजेंसियों ने काम में तेजी नहीं दिखाई। इसके बाद निगम ने दो निर्माण एजेंसियों के अनुबंध निरस्त कर उन्हें काली सूची में डाल दिया। शेष कार्यों के लिए दोबारा निविदा जारी की गई, लेकिन इससे भी स्थिति नहीं बदली। क्वालिटी कंस्ट्रक्शन ने वार्ड 44 कौरिनभांठा की सड़क का काम शुरू किया, जबकि अन्य कार्य फिर अटक गए।

 महापौर की चेतावनी भी बेअसर

सड़कों का काम शुरू कराने के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने 29 मई को ठेकेदारों की बैठक ली थी। वर्षाकाल शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद ठेकेदारों के रवैये में बदलाव नहीं आया। निर्माण एजेंसियां डामर की कीमतों में वृद्धि और उसकी कमी को काम में देरी का कारण बता रही हैं। उनका कहना है कि पहले करीब 54 हजार रुपये प्रति टन मिलने वाला बिटुमिन अब एक लाख रुपये प्रति टन तक पहुंच गया है। ऐसे में पुरानी दरों पर डामरीकरण करना मुश्किल हो रहा है।

 काली सूची वाले ठेकेदारों को पेटी में मिला काम

सड़क निर्माण की व्यवस्था में एक और गंभीर खामी सामने आई है। जिन ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त कर उन्हें काली सूची में डाला गया था, उन्हें ही दूसरे ठेकेदारों के माध्यम से पेटी पर काम मिलने की जानकारी सामने आई है। दोबारा जारी निविदा में अन्य एजेंसियों को कार्य मिला, लेकिन उन्होंने आगे वही काम उन ठेकेदारों को सौंप दिया, जिनके विरुद्ध पहले कार्रवाई की गई थी। इससे कार्रवाई का उद्देश्य ही कमजोर पड़ गया।

 पीडब्ल्यूडी की 17 प्रमुख सड़कें भी बदहाल

नगर निगम आयुक्त ने 17 जुलाई को लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र भेजकर शहर की 17 प्रमुख सड़कों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था। इन मार्गों की मरम्मत और संधारण को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। इनमें महावीर चौक से चिखली होते हुए खैरागढ़ मार्ग, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट चौक से बसंतपुर महामाया चौक, गोकुल नगर और फरहद चौक तक का मार्ग, गंज चौक-नंदई चौक-मोहारा-सिंगदई चौक-हल्दी मार्ग, भदौरिया चौक-महामाया चौक, गंज चौक-लखोली-कन्हारपुरी और कन्हारपुरी से ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा भदौरिया चौक-नवागांव-बापूटोला मार्ग, आरके नगर-कमला कालेज मार्ग, शहर की आंतरिक सड़कें तथा रानी सागर और बूढ़ासागर तालाब के चारों ओर की सड़कें भी बदहाली से जूझ रही हैं।

मिडिल ईस्ट युद्ध संकट के चलते डामरों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। निगम समय समय पर सड़कों की मरम्मत करवा रहा है। शेष सड़कों के निर्माण के लिए भी ठेकेदारों को नोटिस दिया जाएगा।

जीआर मरकाम, आयुक्त, नगर निगम

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button