ताजा खबर

राजनांदगांव में 1,35,167 किसानों से होगी धान खरीदी 26 नए केंद्रों के साथ 2934 किसान भी बढ़े

राजनांदगांव: अर्नब तूफान से राजनांदगांव जिले में खरीफ सीजन की धान फसल को करीब 40 प्रतिशत नुकसान के बीच 15 नवंबर से धान खरीदी की तैयारियां जारी है। मंगलवार से ही किसानों को आनलाइन टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। जिले के किसानों ने इस फसल के लिए 503 करोड़ रुपये ऋण लिया है। कुल एक लाख 69 हजार हेक्टेयर में धान की फसल ली गई है। बता दें कि वर्ष 2025-26 की खरीदी में राजनांदगांव 4824.70 टन, केसीजी 3467.23 व एमएमएसी 3887.91 टन धान का शार्टेज है।

वहीं वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की नीति में टोकन से लेकर धान उठाव तक की प्रक्रिया में कई बड़े बदलाव भी किए गए हैं। मसलन, इस बार धान खरीदी के दौरान उठाव नहीं किया जाएगा। खरीदी समाप्त होने के बाद ही मार्कफेड से डीओ-टीओ जारी किए जाएंगे। धान की अफरा-तफरी से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।

दूसरी ओर केंद्रों में चबूतरों की साफ-सफाई, स्टेक के नीचे बिछाए जाने वाले डनेज मटेरियल बिछाने का काम जारी है। जिले में इस बार 70,95,830 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है। जबकि इस वर्ष समितियों और उपार्जन केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही 2934 नए किसान पंजीकृत हुए हैं। इस बीच समितियों को 50-50 प्रतिशत अनुपात के साथ नए-पुराने बारदाने जारी कर दिए गए हैं। केंद्रों में खरीदी के लिए हमालों की व्यवस्था के लिए प्रबंधक गांव-गांव के चक्कर काट रहे हैं। जिले में इस बार 26 नए उपार्जन केंद्रों के साथ 122 केंद्रों में धान खरीदी होगी। शासन का दावा है कि केंद्रों की संख्या बढ़ने के साथ ही अब भंडारण की क्षमता भी बढ़ गई है।

 5,500 गठान बारदाने समिति पहुंचे

मार्कफेड की ओर से 122 खरीदी केंद्रों में खरीदी के लिए 5,500 गठान बारदाने भेजे गए हैं। इसमें 2,500 गठान नए जबकि 3,000 गठान पुराने बारदाने शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक चार हजार नए गठान और उपलब्ध हैं जिन्हें आवश्यकता अनुसार समितियों को उपलब्ध कराया जाएगा। गौरतलब है कि समितियों को 50-50 के अनुपात में नए और पुराने बारदानों में धान की खरीदी करनी है।

22.50 का कमीशन, यही तैयारियों में खर्च

खरीदी केंद्रों में धान खरीदी से जुड़ी सारी व्यवस्थाएं खरीदी से मिलने वाली कमीशन से ही की जाती है। मार्कफेड समिति को प्रति क्विंटल 22.50 रुपये कमीशन देता है। हमालों का खर्च, केंद्रों की अन्य व्यवस्था बनाने से लेकर तैयारियों से लेकर खरीदी खत्म होने तक सारा खर्च इसी से वहन किया जाता है। फिलहाल केंद्रों में इलेक्ट्रानिक तराजू, कैप कवर, चटाई, नमी मापक यंत्र की तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं।

अर्नब से नुकसान की भरपाई मुश्किल

इस बार अक्टूबर के अंत में आए अर्नब तूफान ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। कृषि विभाग के आकलन के अनुसार जिले के 314 गांव की 67,600 हेक्टेयर की धान की फसल में से 25,626 हेक्टेयर को क्षति हुई है। यह रकबे का 40 प्रतिशत है। इससे ही अनुमान लगाया जा रहा है कि जिले में धान को बड़ा नुकसान हुआ है। दूसरी ओर पटवारियों के हड़ताल में चले जाने से मुआवजा प्रकरण भी तैयार नहीं हो पा रहे हैं। किसान उत्पादन और प्रभावित हुई फसल के मुआवजे को लेकर चिंतित हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button