त्योहारों के बीच यात्रियों को राहत शालीमार एलटीटी एक्सप्रेस में बढ़ेंगी एसी बर्थ
राजनांदगांव : लंबी दूरी की रेल यात्रा में कंफर्म बर्थ की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे प्रशासन ने शालीमार-एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाने का निर्णय लिया है। यह सुविधा अस्थायी रूप से दोनों दिशाओं में उपलब्ध कराई जाएगी। इससे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन में यात्रा करने वाले अधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिल सकेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में 12 से 18 नवंबर तक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाया जाएगा। वहीं, वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 18029 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में 14 से 20 नवंबर तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और बेहतर यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अतिरिक्त कोच जुड़ने से दोनों दिशाओं में एसी-3 श्रेणी की उपलब्ध बर्थ की संख्या बढ़ेगी। इससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी। रेलवे का उद्देश्य अधिकाधिक यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।
