बिलकिस बानो ने क्यों कहा, ‘कहीं न्याय से मेरा भरोसा फिर न उठ जाए’

बिलकिस बानो ने सुप्रीम कोर्ट के 28 अक्तूबर के आदेश पर हैरानी और अविश्वास जताया है.
इस आदेश में उनके साथ गैंगरेप और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या के दोषी दो लोगों की उम्रकैद की सज़ा निलंबित कर दी गई थी.
क़ानूनी मामलों की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि इस आदेश के बारे में उन्हें न तो पहले जानकारी दी गई और न ही उनकी बात सुनी गई.
16 नवंबर को अपने वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता के ज़रिए जारी एक बयान में बिलकिस बानो ने कहा कि उन्हें इस आदेश की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से मिली.
उन्होंने सवाल उठाया कि दोषियों को राहत देने से पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनकी बात सुनना क्यों ज़रूरी नहीं समझा.
बिलकिस बानो ने कहा, मुझे अब भी यक़ीन नहीं हो रहा है कि दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट ने मुझे बुलाए बिना और मेरी बात सुने आदेश पारित किया है. मुझे इसकी जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से मिली.
उन्होंने कहा कि साल 2002 की हिंसा ने उनकी ज़िंदगी तबाह कर दी थी. उस समय उनकी उम्र सिर्फ़ 19 साल थी और उन्होंने अपना परिवार, घर और सुरक्षा का एहसास खो दिया था.
बिलकिस बानो ने न्याय के लिए अपनी 24 साल की लड़ाई का ज़िक्र करते हुए कहा कि लोगों के समर्थन और एकजुटता की वजह से ही उन्हें बार-बार इस कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाने की हिम्मत मिली.
उन्होंने कहा कि परिवार और दोस्तों की मदद से उन्होंने धीरे-धीरे अपनी ज़िंदगी दोबारा बनाई थी और सुकून महसूस करने लगी थीं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा आदेश ने उनके पुराने डर फिर से जगा दिए हैं.
उन्होंने कहा, आज मुझे लग रहा है कि जिस न्याय को हासिल करने के लिए मैंने इतनी लंबी लड़ाई लड़ी, उसे एक बार फिर खो रही हूं. पुराने डर फिर लौट रहे हैं. मुझे एक बार फिर अपने लिए, अपने परिवार और अपने बच्चों के लिए डर लग रहा है. मुझे इस बात का भी डर है कि कहीं न्याय से मेरा भरोसा फिर न उठ जाए.(bbc.com/hindi)



