शराब घोटाला आरोपी विकास अग्रवाल को दुबई से भारत लाने ईओडब्ल्यू-एसीबी टीम रवाना

अनवर ढेबर का करीबी, 1200 करोड़ हवाला से दुबई भेजने का आरोप
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 25 नवंबर। करीब 34 सौ करोड़ रुपए के शराब घोटाले में आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई से भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। दुबई में हिरासत में लिए जाने के बाद अब उसे डिपोर्ट कराने के लिए ईओडब्ल्यू-एसीबी की तीन सदस्यीय टीम रवाना हुई है। डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में गई टीम भारत लाने से जुड़ी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करेगी। विकास अग्रवाल को शराब घोटाले में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। वह होटल कारोबारी अनवर ढेबर का करीबी रहा है और घोटाले का खुलासा होने के बाद से फरार था।
जांच में विकास अग्रवाल पर शराब घोटाले की कमाई में से करीब 1200 करोड़ रुपए हवाला के जरिए दुबई भेजने का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक वह शराब सिंडिकेट का वित्तीय प्रबंधक था। डिस्टिलरी और एफएल-10 लाइसेंसधारियों से कमीशन की वसूली तथा रकम के लेन-देन में उसकी अहम भूमिका बताई गई है। यूएई के अधिकारियों ने पिछले महीने उसे दुबई में हिरासत में लिया था। इसके बाद से उसे भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है।
ईडी ने वर्ष 2024 में विकास अग्रवाल से संबंधित तीन संपत्तियां, जिनकी कीमत करीब 1.54 करोड़ रुपए थी, अस्थायी रूप से कुर्क की थीं। इसके बाद 28 मई 2026 के कुर्की आदेश में उसके परिजनों के नाम की संपत्तियां भी शामिल की गईं। ईडी ने इन्हें अपराध से अर्जित रकम से जुड़ी संपत्ति बताया है।
विकास अग्रवाल को अनवर ढेबर और शराब सिंडिकेट के बीच आर्थिक लेन-देन की अहम कड़ी माना जा रहा है। जांच एजेंसी उससे डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10 लाइसेंसधारियों से कमीशन वसूली, रकम के संग्रह और उसके वितरण के संबंध में पूछताछ कर सकती है। इसके अलावा हवाला के जरिए दुबई भेजी गई रकम, उसके लाभार्थियों और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। सुब्बू से पूछताछ को शराब घोटाले के आर्थिक नेटवर्क और लाभार्थियों की पहचान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



