ईरान के विदेश मंत्री का आरोप- अमेरिका को फिर युद्ध लड़ने के लिए भड़का रहा इसराइल

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने केमिकल वेपन बनाने के इसराइल के आरोपों पर कड़ा जवाब दिया है.
विदेश मंत्री अराग़ची ने बुधवार को कहा कि ईरान पर रासायनिक हथियार विकसित करने और उन्हें छिपाने के आरोप बेबुनियाद हैं और इनका मक़सद क्षेत्र में तनाव बढ़ाना है.
दरअसल, इससे पहले इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ईरान पर केमिकल वेपन विकसित करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा है कि इसराइल ईरान को ऐसी क्षमता हासिल नहीं करने देगा.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बयान जारी किया.
उन्होंने कहा, इसराइली शासन ने न्यूक्लियर, केमिकल या बायोलॉजिकल वेपन पर रोक लगाने वाली किसी भी संधि में शामिल होने से इनकार किया है. उसके पास सैकड़ों परमाणु हथियार हैं. उसने इस क्षेत्र के सात देशों पर हमला किया है और तीन देशों के इलाकों पर क़ब्ज़ा किया है. पिछले एक साल में ही उसने ईरान के ख़िलाफ़ दो नाकाम युद्धों में अमेरिका को भी घसीटा है.
अब यह युद्ध भड़काने वाला देश बेशर्मी से ईरान पर आरोप लगा रहा है. ईरान परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर हस्ताक्षर करने वाला देश है, केमिकल वेपन पर रोक लगाने वाले संगठन (ओपीसीडब्ल्यू) का सदस्य है और ख़ुद भी केमिकल वेपन का शिकार रहा है. ये हथियार वेस्ट जर्मनी ने सद्दाम हुसैन के शासन को दिए थे. इसके बावजूद इसराइल आरोप लगा रहा है कि ईरान दवा बनाने वाली फ़ैक्ट्रियों में ऐसे ख़तरनाक हथियार बना रहा है और उन्हें छिपा रहा है.
अराग़ची ने कहा कि इस तरह की बयानबाज़ी से इसराइल अमेरिका युद्ध में घसीटना चाह रहा है.
गौरतलब है कि इसराइल के रक्षा मंत्री ने अपने आरोपों से जुड़ा कोई सबूत सामने नहीं रखा था.(bbc.com/hindi)



