बॉल टैम्परिंग विवाद पर फिर क्यों आमने-सामने आए ख़्वाजा और कमिंस?

-एलिज़ाबेथ बॉचरबी
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ उस्मान ख़्वाजा ने कहा है कि 2018 के बॉल टैम्परिंग विवाद को लेकर उनके दावों पर पैट कमिंस की प्रतिक्रिया से उन्हें निराशा हुई है.
बीबीसी स्पोर्ट के मुताबिक़, ख़्वाजा ने कहा कि कमिंस ने उन पर निजी तौर पर हमला किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान का यह रूप पहले कभी नहीं देखा था.
2018 में ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ केपटाउन में टेस्ट मैच खेल रही थी. इस दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने की साज़िश के तहत स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ़्ट ने गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल किया था. इसके लिए तीनों खिलाड़ियों को सज़ा दी गई थी.
ख़्वाजा ने हाल ही में अपनी आत्मकथा प्रकाशित की है. पूर्व बल्लेबाज़ ख़्वाजा ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को सैंडपेपर से गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में पता था. इस टीम में कमिंस भी शामिल थे. ख़्वाजा का कहना है कि टीम को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए थी.
कमिंस ने गेंदबाज़ों के इस योजना में शामिल होने के दावों को ख़ारिज किया था. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इन्हें पूरी तरह बकवास बताया था.
उन्होंने ख़्वाजा पर अपने दोस्तों की प्रतिष्ठा और करियर को लेकर लापरवाह और हल्के ढंग से बात करने का आरोप भी लगाया था.
ख़्वाजा ने द ग्रेड क्रिकेटर पॉडकास्ट पर इसका जवाब दिया. उन्होंने कहा कि यह मामला कभी भी उनके और पैट कमिंस के बीच टकराव का नहीं था.
उन्होंने 33 वर्षीय कमिंस के टेस्ट कप्तान बने रहने का समर्थन भी दोहराया. हालांकि, उन्होंने कमिंस की प्रतिक्रिया पर हैरानी जताई.
ख़्वाजा ने कहा, मैं उन्हें एक इंसान और लीडर के तौर पर हमेशा पसंद करता रहा हूं. मुझे उम्मीद नहीं थी कि वह मुझ पर इस तरह निजी हमला करेंगे.
(bbc.com/hindi)



