KORBA:हाथी को ट्रैक्टर से परेशान करने के मामले में वन विभाग की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
कोरबा, 25 नवंबर 2026। कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जिलगा में ट्रैक्टर के माध्यम से हाथी को परेशान करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वन विभाग की टीम ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जिलगा में कुछ लोगों द्वारा ट्रैक्टर के माध्यम से हाथी को परेशान किए जाने की घटना सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वनमंडलाधिकारी, कोरबा के निर्देश पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा लगातार जांच और पतासाजी की जा रही थी।
इसी क्रम में 24 नवंबर को उपवनमंडलाधिकारी, कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा एवं पसरखेत की उपस्थिति में वन विभाग के मैदानी अमले ने ग्राम जिलगा में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर गांव की एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ मिला। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
प्रकरण की आगे की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने 25 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दिग्विजय (25 वर्ष), सुकनंदन (36 वर्ष) और सब्बीर खान (35 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम जिलगा, थाना श्यांग, जिला कोरबा के निवासी हैं।
वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), 2(35), 2(36), 39(1)(घ), 50(1)(ग), 51 एवं 52 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों का पीछा करने, उन्हें परेशान करने अथवा वाहनों के माध्यम से उनके नजदीक जाने से बचें। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ जनहानि की आशंका को रोकने के लिए वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों को परेशान करने और उनकी सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



