छत्तीसगढ़

रायपुर में 2 करोड़ के आईफोन चोरी मामले का खुलासा, अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार; 1.50 करोड़ के 125 आईफोन बरामद

रायपुर, 25 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के आईफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय कंजर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मामले में गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना राजेश अजय सिंह झाला और चोरी के आईफोन खपाने वाला सफान खान शामिल है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्सट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी दुकान से करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के 173 एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर ले गए थे। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। इस मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

40 सदस्यीय टीम ने 25 दिनों तक चलाया अभियान

करोड़ों रुपये की चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में क्राइम एंड साइबर, मध्य जोन, वेस्ट जोन और तेलीबांधा पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह टीमों ने लगातार 25 दिनों तक जांच की। इस दौरान महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाया गया।

पुलिस ने 250 किलोमीटर से अधिक के रूट पर लगे 1000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा 1100 से अधिक सेल आईडी टावर और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। शुरुआती जांच में एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए, जो घटना स्थल पर रात 2:37 बजे पहुंचे और महज आठ मिनट बाद 2:45 बजे वहां से निकल गए थे।

गिरफ्तार आरोपित

महाराष्ट्र में मिला चोरी का बाइक, देवास से पकड़ा गया गिरोह का सरगना

सीसीटीवी फुटेज का पीछा करते हुए पुलिस टीम करीब 250 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के मौधा तक पहुंची। यहां कुल्हान नदी के किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली, जिसके इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिए गए थे। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से चोरी की गई थी। इससे पुलिस को आरोपियों के भागने के रास्ते और उनकी कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण सुराग मिला।

इसके बाद पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों में एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं और अपराधियों के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। जांच में वर्ष 2024 में जयपुर में हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटना से कंजर गिरोह के तार जुड़े मिले। पुलिस ने मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककला निवासी राजेश अजय सिंह झाला को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। राजेश के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक अपराध दर्ज हैं।

पूछताछ में राजेश झाला ने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर के एप्पल स्टोर में चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को बेचने के लिए दिए गए थे।

विदेश भागने से पहले मुंबई एयरपोर्ट के पास से सफान खान गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, सफान खान चोरी के महंगे आईफोन को खपाने का काम करता था। उसके विदेश भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम इंदौर में लगातार निगरानी कर रही थी। तकनीकी विश्लेषण और विशेष रणनीति के बाद पुलिस को सफान खान के मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास होने की जानकारी मिली।

वरिष्ठ अधिकारियों के समन्वय से पुलिस ने विदेश भागने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

चोरी के लिए मोबाइल घर पर छोड़ देते थे आरोपी

पूछताछ में गिरोह की अपराध करने की खास कार्यप्रणाली भी सामने आई है। गिरोह के सदस्य वारदात के लिए घर से निकलते समय अपने मोबाइल फोन बंद करके घर पर ही छोड़ देते थे, ताकि पुलिस मोबाइल लोकेशन के जरिए उन तक न पहुंच सके। इसके अलावा मोटरसाइकिल चलाते समय चेहरे को ढककर रखते थे और चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने के लिए करते थे।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गिरोह चोरी किए गए महंगे आईफोन को बांग्लादेश और नेपाल में खपाने का नेटवर्क चला रहा था। इस पहलू पर भी जांच की जा रही है। पुलिस शेष चोरी के मोबाइल की बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

दो आरोपी फरार, अन्य राज्यों की चोरी की घटनाओं की भी जांच

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश अजय सिंह झाला (43 वर्ष), निवासी टोंककला, जिला देवास और सफान खान (35 वर्ष), निवासी जिला बड़वानी, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।

वहीं राज झाला, पुत्र राजेश झाला और राजेश लोधी, दोनों निवासी टोंककला, जिला देवास अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में मध्यप्रदेश में लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही पिछले एक वर्ष के दौरान देश के विभिन्न राज्यों में हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं में इस गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। प्रकरण में संगठित अपराध की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button