ताजा खबर

स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी

स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी

हमारी बोली-भाषाएं हमारी सांस्कृतिक समृद्धि की पहचान, इनका मान बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ी के साथ हिंदी और अंग्रेजी में भी दक्ष बनें, अपनी मातृभाषा का गर्व के साथ करें उपयोग : वित्त मंत्री श्री चौधरी

छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी संस्कृति, परंपरा, माटी और अस्मिता का अटूट हिस्सा : स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव

छत्तीसगढ़ी राजभाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस समारोह में शामिल हुए वित्त मंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री, साहित्यकारों का हुआ सम्मान, 14 लेखक-लेखिकाओं की पुस्तकों का किया गया विमोचन

रायपुर, 28 नवम्बर 2026

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि हमारी स्थानीय बोली-भाषाएं हमारी सांस्कृतिक समृद्धि और गौरवशाली विरासत की पहचान हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और मान बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनकी स्थानीय बोली-भाषा में होने से उनकी सीखने की क्षमता, बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास और मौलिक प्रतिभा को बढ़ावा मिलता है। हमें अपनी भाषा और संस्कृति पर गर्व करते हुए आने वाली पीढ़ियों को इनसे जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

वित्त मंत्री श्री चौधरी आज रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में निवासरत छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों को राजभाषा दिवस की गाड़ा-गाड़ा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव भी शामिल हुए।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सिक्किम की विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित समाचार पत्रों, बस्तरिया पत्र-पत्रिकाओं तथा छत्तीसगढ़ के समृद्ध साहित्य को देखने और समझने का अवसर मिला। समारोह में साहित्यकारों को सम्मानित किया गया तथा 14 लेखक-लेखिकाओं की पुस्तकों का विमोचन हुआ। श्री चौधरी ने सम्मानित साहित्यकारों और रचनाकारों को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।

*स्थानीय बोली में प्रारंभिक शिक्षा से मजबूत होती है बच्चों की बौद्धिक क्षमता*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में उनकी स्थानीय भाषा के साथ-साथ स्थानीय बोली का विशेष महत्व है। जब बच्चे अपनी परिचित बोली में सीखना शुरू करते हैं, तो उनमें विषयों को समझने, स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने विचारों को अभिव्यक्त करने की क्षमता विकसित होती है। इससे उनके आत्मविश्वास, धैर्य, बौद्धिक क्षमता और व्यक्तित्व का बेहतर विकास होता है। सीखने की मजबूत बुनियाद तैयार होने के बाद बच्चे अन्य भाषाओं को भी आसानी से सीख सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाई गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में मातृभाषा और स्थानीय भाषा में प्रारंभिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के पीछे वैज्ञानिक दृष्टिकोण है। शिक्षा का उद्देश्य केवल बच्चों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उनकी मौलिक सोच, रचनात्मकता और नैसर्गिक क्षमताओं को विकसित करना भी होना चाहिए।

*गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस परीक्षा तक की यात्रा के अनुभव किए साझा*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ाई की और 18 वर्ष की उम्र तक गांव में ही रहे। बचपन में परिवार के सदस्य उन्हें पाठ रटने के बजाय समझने और अपने शब्दों में लिखने के लिए प्रेरित करते थे।

उन्होंने तीसरी कक्षा की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि परीक्षा में सुबह जल्दी उठने के लाभ से संबंधित प्रश्न का उत्तर उन्होंने अपने अनुभवों और कल्पनाओं के आधार पर लिखा था। निर्धारित उत्तर से अलग लिखने पर शिक्षक ने उन्हें डांटा, लेकिन विद्यालय के प्रधानपाठक ने उनकी मौलिक अभिव्यक्ति को समझा और अपने विचारों को स्वतंत्र रूप से लिखने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री चौधरी ने बताया कि प्रारंभ में वे आधी हिंदी और आधी छत्तीसगढ़ी में अपने विचार लिखते थे। धीरे-धीरे उन्होंने हिंदी में लिखना सीखा और आवश्यकता के अनुरूप अंग्रेजी भी सीखी। पत्र लेखन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेने से उनकी अभिव्यक्ति क्षमता निरंतर विकसित होती गई। उन्होंने बताया कि इसी मौलिक लेखन क्षमता और निरंतर अभ्यास के परिणामस्वरूप उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा के निबंध प्रश्नपत्र में देशभर में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए।

The post स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी appeared first on sathisandesh.in.

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button