छत्तीसगढ़

रायगढ़ में युवती से छेड़खानी और फोटो स्टेटस पर डालकर बदनाम करने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में युवती से छेड़खानी करने और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर अपलोड कर बदनाम करने के मामले में महिला थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय युवती ने 27 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान अजीत मालाकार (24 वर्ष) से हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान कर रहा था।

आरोप है कि 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे आरोपी युवती के घर पहुंचा। बातचीत करने से इनकार करने पर उसने युवती को बदनाम करने की धमकी दी और गलत नीयत से उसका हाथ व बांह पकड़कर छेड़खानी की। इसके बाद आरोपी ने युवती की फोटो अपने मोबाइल स्टेटस पर लगाकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया।

युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(1)(ii) और 74 के तहत मामला दर्ज किया गया। महिला TI उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर अजीत मालाकार को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में महिला TI कुसुम कैवर्त के साथ सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, संदीप भगत, प्रमिला महंत और महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं को परेशान करने, धमकाने या उनकी निजता और सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button