छत्तीसगढ़

कोरबा से महज 22 किमी दूर मुड़धोवा में पुल का इंतजार, 20 हजार रुपये चंदा जुटाकर ग्रामीणों ने बनाया लकड़ी का पुल

0.हर साल बारिश में बह जाती है अस्थायी पुलिया, फिर श्रमदान कर रास्ता बनाते हैं आदिवासी ग्रामीण; प्रशासन के विकास के दावों पर उठे सवाल

कोरबा, 28 नवंबर 2026। औद्योगिक नगरी कोरबा में बिजली घरों और एल्युमिनियम संयंत्रों की ऊंची चिमनियां विकास और समृद्धि की तस्वीर पेश करती हैं, लेकिन जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित मुड़धोवा की जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। यहां आज भी आदिवासी ग्रामीणों को एक नाले पर स्थायी पुल नहीं होने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से प्रशासनिक उपेक्षा झेल रहे ग्रामीणों ने आखिरकार एक बार फिर चंदा जुटाकर और श्रमदान करते हुए नागमाड़ा नाले पर लकड़ी की अस्थायी पुलिया तैयार की है। इसे बनाने में करीब 20 हजार रुपये खर्च हुए हैं।

कोरबा ब्लॉक की ग्राम पंचायत चुईया की आश्रित बस्ती मुड़धोवा में लगभग 150 लोग निवास करते हैं। जंगल और नदी-नालों से घिरे इस गांव का संपर्क बारिश के दिनों में पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। नागमाड़ा नाले पर स्थायी पुल नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। बारिश के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ने पर गांव का संपर्क लगभग कट जाता है और बस्ती टापू में तब्दील हो जाती है।

ग्रामीणों के मुताबिक, लकड़ी से तैयार की गई अस्थायी पुलिया कुछ महीनों तक ही राहत दे पाती है। बारिश में तेज बहाव के कारण यह हर साल बह जाती है और ग्रामीणों को दोबारा अपने संसाधनों से पुलिया बनानी पड़ती है। गांव के निर्मल सिंह ने बताया कि इस समस्या को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष कई बार रखा गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिला। मजबूरी में ग्रामीणों को खुद ही व्यवस्था करनी पड़ रही है।

गांव में आंगनबाड़ी की सुविधा भी नहीं है। मिडिल स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को नाला पार कर दूसरे गांव जाना पड़ता है। बारिश के दिनों में जलस्तर बढ़ने पर उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। इस समस्या के चलते कई मरीजों की जान जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है।

ग्रामीणों को जरूरी काम से जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए जंगल और पथरीले रास्तों से होकर करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इस मामले में जनपद पंचायत के सीईओ संजय राय ने सर्वे कराने के बाद पुलिया निर्माण का भरोसा दिया है।

सवाल यह है कि आखिर मुड़धोवा के ग्रामीणों को स्थायी पुल की सुविधा कब मिलेगी? हर साल चंदा जुटाकर और श्रमदान से पुलिया बनाने की यह मजबूरी सरकारी योजनाओं और विकास के दावों के बीच ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं को उजागर कर रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button