बलौदाबाजार पुलिस ने औरेठी स्कूल में लगाया साइबर जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके
बलौदाबाजार, 28 नवंबर। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 नवंबर को सिमगा थाना पुलिस की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औरेठी में साइबर जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए।
SP गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में पुलिस टीम ने वर्तमान समय में होने वाले साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि अनजान नंबरों से आने वाले एसएमएस, व्हाट्सएप मैसेज और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। फर्जी चालान, लॉटरी, पार्सल और सरकारी योजनाओं के नाम पर भेजे जाने वाले लिंक से सावधान रहने के साथ ही अज्ञात APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी जानकारी दी। विद्यार्थियों को इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू करने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी और निजी जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
इसके अलावा ऑनलाइन लेन-देन, क्यूआर कोड स्कैन करने और फर्जी कॉल के जरिए होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। जरूरत पड़ने पर नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल से भी संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

