Dhamtari Crime: जुआ खेलते 4 आरोपी गिरफ्तार, 3,400 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त
धमतरी, 28 नवंबर। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मगरलोड पुलिस ने ग्राम भैसमुंडी स्थित देव तालाब के पास काटपत्ती जुआ खेल रहे 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3,400 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भैसमुंडी के देव तालाब के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस की टीम ने रात करीब 10:40 बजे मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए चार लोगों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनिस साहू (29), कमलेश सोनी (28), घनश्याम ध्रुव (26) और रूपचंद तारक (25) के रूप में हुई है। सभी ग्राम भैसमुंडी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,400 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। मामले में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 246/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास होने वाली अवैध जुआ, सट्टा या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

