नगर पालिका किरंदुल में गूंजा सेवा का संकल्प, 25 वर्ष सेवा समर्पण अभियान के तहत लगा जनकल्याण शिविर
किरंदुल। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर नगर पालिका परिषद किरंदुल में 25 वर्ष सेवा और समर्पण – सेवा संकल्प अभियान का भव्य आयोजन किया गया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस महा-अभियान के तहत शुक्रवार को नगर पालिका परिसर में विशेष जनकल्याण शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंचे।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, नाली निर्माण, सड़क निर्माण, सोलर हाउस, पीएम स्वनिधि, आधार कार्ड सहित विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए। मौके पर ही कई आवेदनों का त्वरित निराकरण भी किया गया।
किरंदुल नगर पालिका द्वारा लगाए गए बैनर में अभियान की पूरी रूपरेखा दर्शाई गई है, जिसके मुख्य आकर्षण ‘सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार’ और ‘नेशनल इनोवेशन चैलेंज’ हैं। इसके अलावा आशीर्वाद का दीया, सेवा की कहानी, आंगन मिलन सेवा, सेवा ज्योति कलश यात्रा जैसे 12 से अधिक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
किरंदुल मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र ने बताया कि इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना और जन समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। सभी वार्डों में लगातार शिविर लगाकर लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।
इस दौरान पार्षदगण, एल्डरमैन, किरंदुल नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
