बस्तर में सैकड़ों किसानों का आंदोलन, कलेक्टोरेट पहुंच सौंपा ज्ञापन

छत्तीसगढ़संवाददाता
जगदलपुर, 10 अक्टूबर। भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के जिला बस्तर इकाई द्वारा शनिवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर किसान आंदोलन आयोजित किया गया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित गांवों के 400 किसान जगदलपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में एकत्र हुए।
करीब 20 टै्रक्टर-ट्रॉली से जिला मुख्यालय पहुंचे सैकड़ों किसान शनिवार दोपहर को दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से पैदल कलेक्टर कार्यालय गए। जिससे कलेक्टोरेट परिसर के बाहर घंटे भर गहमागहमी बनी रही। इसके बाद उनके प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन क ो अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान संघ ने किसानों के हितों से जुड़े 16 सूत्रीय मांगें हैं। इसमें फसलों के उचित समर्थन मूल्य की गारंटी, फसल बीमा का सही क्रियान्वयन, सिंचाई एवं जल प्रबंधन की व्यवस्था, कृषि ऋण माफी एवं सुलभ ऋण, बिजली और डीजल पर राहत तथा वनाधिकार एवं वन भूमि वितरण जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल हैं।
इसके अलावा किसानों की भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान, बस्तर में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना, सड़क एवं परिवहन सुविधाओं में सुधार, गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री की उपलब्धता, वन उत्पादों का उचित मूल्य, ग्रामीण रोजगार की गारंटी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था और किसानों की सुरक्षा व सम्मान की मांग भी उठाई गई है।
संघ का कहना है कि किसानों की समस्याओं का समाधान और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई आवश्यक है।


