अफगानिस्तान: ड्रेस कोड उल्लंघन के आरोप में 52 महिलाएं हिरासत में

-आमिर अंसारी
अफगानिस्तान में तालिबान प्रशासन ने ड्रेस कोड और बिना पुरुष अभिभावक के सार्वजनिक स्थानों पर आने से जुड़े नियमों के कथित उल्लंघन के आरोप में हाल के महीनों में दर्जनों महिलाओं को गिरफ्तार या हिरासत में लिया है. संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन के अनुसार जुलाई से सितंबर के बीच काबुल और हेरात में कम से कम 52 महिलाओं और एक लड़की को हिरासत में लिया गया. आरोपों में रंगीन स्कार्फ पहनना, मेकअप करना, बालों का दिखाई देना या चादर न पहनना शामिल है. यूएन एजेंसी ने कहा कि वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है, क्योंकि कई मामलों की रिपोर्ट सुरक्षा और सामाजिक दबाव के कारण नहीं की जाती.
संयुक्त राष्ट्र ने महिलाओं के खिलाफ कथित दुर्व्यवहार, मारपीट और गिरफ्तारी की धमकियों पर गंभीर चिंता जताई है. 2021 में सत्ता में लौटने के बाद तालिबान ने शरीयत की अपनी सख्त व्याख्या के आधार पर कई नियम लागू किए हैं, जिनमें महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा, पहनावे और आवाजाही पर व्यापक प्रतिबंध शामिल हैं. सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए पूर्ण हिजाब पहनना अनिवार्य है. जून में हेरात में इसी तरह की गिरफ्तारियों के विरोध में हुए प्रदर्शन पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.(dw.com/hi)



