प्रियंका से मिले भगत, बस्तर के हालात से कराया अवगत
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 9 अक्टूबर। बोधघाट परियोजना के विरोध को मुद्दा बनाकर कांग्रेस बस्तर में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की संभावनाएं तलाश रही है। प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत ने बस्तर प्रवास के दौरान दंतेवाड़ा में प्रभावित गांवों के ग्रामीणों से चर्चा की। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात कर दौरे का ब्यौरा दिया और परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों की नाराजगी से अवगत कराया।
चर्चा है कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी दीपावली के आसपास बस्तर दौरे पर आ सकते हैं। ऐसे में भगत के प्रवास को राहुल के संभावित दौरे की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी नक्सलवाद के खात्मे के बाद बदलते हालात और स्थानीय मुद्दों को समझने में जुटी है।
पिछले विधानसभा चुनाव में बस्तर संभाग की 12 सीटों में से कांग्रेस को केवल चार पर जीत मिली थी। अब बोधघाट परियोजना के विरोध के साथ निजी कंपनियों की आमद और खनन गतिविधियों से जुड़े मुद्दों के जरिए कांग्रेस क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।



